“दूसरों पर हँसना आसान है… असली मज़ा तो तब है, जब अपनी ही जिंदगी की गलतियों पर हँसना सीख जाएँ!” 😄
स्टैंडअप कॉमेडी : हँसते-हँसते जिंदगी की क्लास
आजकल जिंदगी में गंभीरता इतनी बढ़ गई है कि आदमी हँसते हुए भी सोचने लगता है—“कहीं लोग मुझे गैर-जिम्मेदार तो नहीं समझेंगे?”
इसी गंभीर जमाने में स्टैंडअप कॉमेडी ने आकर घोषणा कर दी है—
“भाइयो-बहनो! चिंता मत करो, जिंदगी की समस्याएँ खत्म नहीं कर सकते तो कम-से-कम उन पर हँस तो सकते हैं।”
और सच कहें तो स्टैंडअप कॉमेडी केवल चुटकुले सुनाने का नाम नहीं है। यह हमारे रोजमर्रा के जीवन की उन घटनाओं को मंच पर लाने की कला है, जिन्हें हम घर में झेलते हैं, बाहर छिपाते हैं और मंच पर सुनकर हँसते हैं।
मसलन, सुबह का अलार्म।
अलार्म रोज हमें जगाने की पूरी कोशिश करता है और हम रोज उसे बंद करके उसके आत्मसम्मान की धज्जियाँ उड़ा देते हैं। वह कहता है—“उठो, समय हो गया।”
हम कहते हैं—“पाँच मिनट और।”
अलार्म फिर बजता है।
हम फिर बंद करते हैं।
तीसरी बार अलार्म शायद मन ही मन कहता होगा—
“भाई, मैं अपना काम कर चुका हूँ। अब तुम्हारी जिंदगी तुम्हारी जिम्मेदारी है।”
लेकिन भारतीय घरों में अलार्म की भी अपनी सीमा है। जब माँ की आवाज आती है—“उठ रहे हो या पानी डालूँ?” तब तकनीक हार जाती है और परंपरा जीत जाती है।
स्टैंडअप कॉमेडी की असली ताकत यहीं है। वह किसी बड़ी घटना को मजेदार बनाने के बजाय छोटी-सी रोजमर्रा की सच्चाई को पकड़ लेती है।
परीक्षा से पहले का विद्यार्थी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
पूरे साल किताब देखकर उसे नींद आती है और परीक्षा के एक दिन पहले वही किताब उसे जीवन की सबसे महत्वपूर्ण वस्तु दिखाई देने लगती है।
एक दिन पहले किताब खोलकर विद्यार्थी की आँखें फैल जाती हैं—
“इतना सारा सिलेबस! यह सब पढ़ना भी था?”
फिर पढ़ाई कम होती है और प्रार्थना अधिक—
“हे भगवान! इस बार पास करा दो, अगली बार पक्का पढ़ूँगा।”
भगवान भी शायद ऊपर से कह रहे हों—
“बेटा, यह डायलॉग पिछले पाँच साल से सुन रहा हूँ।”
मोबाइल ने तो स्टैंडअप कॉमेडी को और भी समृद्ध कर दिया है।
हम कहते हैं—“बस पाँच मिनट मोबाइल देखूँगा।”
पाँच मिनट बाद मोबाइल कहता है—
“आज आपका स्क्रीन टाइम छह घंटे है।”
हम मोबाइल को देखते हैं।
मोबाइल हमें देखता है।
और दोनों के बीच एक मौन संवाद होता है—
“हम यहाँ पहुँचे कैसे?”
विडंबना देखिए कि हम मोबाइल को स्मार्ट कहते हैं, लेकिन कई बार स्मार्टफोन हमें अपने से ज्यादा स्मार्ट बना देता है—वह हमारी पसंद जानता है, हमारी आदत जानता है, हमारी कमजोरी जानता है... बस यह नहीं जानता कि हमें पढ़ाई कब करनी चाहिए। 😄
स्टैंडअप कॉमेडी की एक खूबसूरत बात यह भी है कि इसमें कलाकार दूसरों पर हँसाने के बजाय अपने ऊपर हँसना सीखता है।
और अपने ऊपर हँसना आसान नहीं।
दूसरे की गलती पर हँसना तो दुनिया का सबसे आसान काम है। पड़ोसी की कार खराब हो जाए तो हम तुरंत विशेषज्ञ बन जाते हैं—
“मैंने तो पहले ही कहा था!”
लेकिन अपनी कार खराब हो जाए तो—
“भाई, मशीनरी चीज है... कभी भी धोखा दे सकती है।”
यही दोहरा व्यवहार स्टैंडअप कॉमेडी का मसाला बन जाता है।
हम चाहते हैं कि बच्चे आत्मविश्वासी बनें, लेकिन जैसे ही बच्चा मंच पर खड़ा होकर अपनी बात कहता है, हमारी पहली चिंता होती है—
“देखना, कुछ गलत न बोल दे।”
अरे भाई, अगर बच्चा गलती ही नहीं करेगा तो सीखेगा कैसे?
मंच पर खड़ा होना अपने आप में एक उपलब्धि है।
क्योंकि मंच पर आते ही बच्चे को तीन चीजें दिखाई देती हैं—
माइक,
दर्शक,
और अपनी सारी याददाश्त का अचानक गायब हो जाना! 😄
घर पर वही बच्चा आईने के सामने इतनी शानदार स्पीच देता है कि आईना भी सोचता है—
“देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।”
और मंच पर आते ही—
“मेरा... मेरा विषय... वो... मतलब... आज मैं...”
लेकिन यहीं से आत्मविश्वास जन्म लेता है।
स्टैंडअप कॉमेडी बच्चे को यह सिखाती है कि गलती से डरना नहीं है, गलती को संभालना है।
हँसी का अर्थ किसी का अपमान करना नहीं है।
सबसे अच्छी कॉमेडी वह है जिसमें दर्शक हँसकर कहे—
“अरे! यह तो मेरे साथ भी होता है।”
यही वह बिंदु है जहाँ हास्य व्यंग्य बन जाता है और व्यंग्य सीख।
किसी की भाषा, रंग, रूप, कमजोरी या परिस्थिति का मजाक उड़ाना आसान है। लेकिन अपनी आदतों पर हँसना, समाज की विसंगतियों को पहचानना और बिना किसी को चोट पहुँचाए बात कह देना—यह असली कला है।
इसलिए स्टैंडअप कॉमेडी को केवल मनोरंजन समझना भी उसके साथ अन्याय होगा।
यह एक तरह की सामाजिक आईना है।
बस फर्क इतना है कि आईना चेहरा दिखाता है...
और स्टैंडअप कॉमेडी हमारा व्यवहार।
वह पूछती है—
हम समय की कितनी कद्र करते हैं?
मोबाइल के कितने गुलाम हैं?
दूसरों से तुलना क्यों करते हैं?
असफलता से इतना डरते क्यों हैं?
और सबसे बड़ा सवाल—
क्या हम अपने ऊपर भी हँस सकते हैं?
क्योंकि जिस दिन इंसान अपनी कमियों को स्वीकार करके उन पर मुस्कुरा लेता है, उसी दिन उनमें सुधार की संभावना पैदा होती है।
शायद इसीलिए स्टैंडअप कॉमेडी का सबसे बड़ा संदेश यही है—
जिंदगी को बहुत गंभीरता से मत लीजिए।
लेकिन जिंदगी से मिलने वाली सीख को कभी हल्के में मत लीजिए।
हँसिए जरूर...
मगर किसी को गिराकर नहीं।
व्यंग्य कीजिए...
मगर संवेदना के साथ।
और मंच पर बोलिए...
मगर इतना सच बोलिए कि सामने बैठा व्यक्ति हँसते-हँसते मन ही मन कह उठे—
“ये तो मेरी ही कहानी सुना रहा है!”
आखिर जिंदगी भी तो एक स्टैंडअप कॉमेडी ही है।
फर्क सिर्फ इतना है कि इसमें—
स्क्रिप्ट हमें नहीं मिलती,
पंचलाइन पहले से नहीं लिखी होती,
और दर्शक भी हम ही हैं...
और कलाकार भी हम ही।
इसलिए जब जिंदगी अगली बार कोई मुश्किल परिस्थिति आपके सामने रखे तो घबराइए मत।
थोड़ा मुस्कुराइए...
उसे समझिए...
उससे सीखिए...
और अगर संभव हो तो—
उस पर एक अच्छा-सा जोक भी बना लीजिए।
क्योंकि समस्या से बड़ी चीज समाधान है...
और समाधान न मिले तो कम-से-कम हँसने की वजह खोज लेना भी कम उपलब्धि नहीं है।
©️ डॉ नीरू मोहन
No comments:
Post a Comment